महज पांच दिनों में एक लाख का आंकडा हुआ पार
- govind chouhan
- Jul 07, 2026
श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026
महज पांच दिनों में एक लाख का आंकडा हुआ पार
उपराज्यपाल ने यात्रा की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की
गोविंद चौहान, जम्मू
श्री अमरनाथ जी यात्रा पर आए भक्तों ने रिकार्ड तोड़ दिया है। यात्रा के पहले पांच दिनों मेें एक लाख के आंकडे को पार कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को 57 दिनों तक चलने वाली सालाना तीर्थयात्रा के पांचवें दिन 28000 से ज्यादा तीर्थयात्रियों ने अमरनाथ बाबा के दर्शन किए। इसके साथ ही अब तक दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या एक लाख से ज्यादा हो गई है। शिवलिंग के दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 113800 तक पहुंच गई है। अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई थी। यात्रा 28 अगस्त को समाप्त होगी। लेकिन पहले पांच दिनों में ही भक्तों ने रिकार्ड को तोड़ दिया है।
प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को श्री अमरनाथ जी यात्रा की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में मुख्य सचिव अटल डुल्लू, बिजली विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अश्वनी कुमार, गृह विभाग के प्रधान सचिव चंद्रकर भारती, उपराज्यपाल के प्रधान सचिव और श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के सीईओ डॉ मंदीप के भंडारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। अब तक 1.13 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में दर्शन कर चुके हैं। उपराज्यपाल ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि श्रद्धालुओं का ठीक से पंजीकरण हो और जमीन पर मौजूद अधिकारी उनकी अच्छी तरह से मदद करें। हमारा लक्ष्य इस तीर्थयात्रा को सभी के लिए वास्तव में यादगार अनुभव बनाना है और उन्हें सर्वोत्तम संभव सुविधाएं मिलें। बाबा बर्फानी के दर्शन सुरक्षित और बिना किसी परेशानी के हो यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। श्री अमरनाथ जी यात्रा हमारे लिए बहुत गर्व की बात है और यह हमारे देश की आकांक्षाओं और आध्यात्मिक चेतना से गहराई से जुड़ी हुई है। यह भारत की सदियों पुरानी सभ्यतागत विरासत को दर्शाती है और दुनिया के सामने देश की अनूठी सॉफ्ट पावर को प्रदर्शित करती है। यह पवित्र यात्रा एक परंपरा है और हमारी राष्ट्रीय पहचान का एक अभिन्न अंग भी है। श्री अमरनाथ जी यात्रा का सुचारूए सुरक्षित और सफल संचालन सुनिश्चित करना हमारा सामूहिक संकल्प है।

