नवादा, 29 जून (हि.स.)। नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के रोहुआ गांव में सोमवार को एक युवक के साथ मारपीट कर उसकी एक आंख को फोड़ दिया गया। पकरीबरावां के एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कि इस मामले में घायल युवक की पत्नी द्वारा कराई गई प्राथमिकी के नामजदों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि रोहुआ गांव का प्रदीप गुप्ता का पुत्र सूरज कुमार गुप्ता शादी- व्याह एवं अन्य कार्यों में खाना बनाने का काम करता है। इस कार्य के लिए वह मजूदर लाने के लिए गांव के ही महादलित टोला में गया हुआ था।
बताया जाता है कि किसी बात को लेकर वहां विवाद हो गई और उसके साथ मारपीट के बाद उसकी एक आंख को फोड़ दिया गया। घायल युवक की पत्नी पूजा कुमारी ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें दो लोगों को नामजद बनाया है। उन्होंने प्राथमिकी के लिए दिए गए आवेदन में लिखा है कि जब उसका पति मजदूर की तलाश में मोहल्ले में गया, तब यह कहकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दिया गया कि तुम हमारे दारू बेचने की सूचना थाना को देते हो। चर्चा है कि जिस समय उसके साथ मारपीट की जा रही थी, उस समय वहां पर लोग तमाशबीन बने हुए थे। किसी ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया और उसकी एक आंख फोड़ दी गई।
गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे विम्स पावापुरी रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि वहां से उसे पटना रेफर कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि घायल युवक की पत्नी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके नामजद आरोपियों बासुदेव मांझी उर्फ भगत एवं राकेश मांझी उर्फ राजेश मांझी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

