कूटरचित दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाने वाला 10 हजार का इनामिया गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
गोरखपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। थाना खजनी पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से धोखाधड़ी कर दो पासपोर्ट बनवाने के मामले में फरार चल रहे 10,000 रुपये के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ पूर्व से ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
थाना खजनी पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 42/2025 में आरोपी दिनेश यादव पुत्र रामप्रीत यादव निवासी ग्राम कुआँ बुजुर्ग कमरदेवा ढकहा बाजार थाना खजनी जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468, 471 तथा पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12 के तहत मामला दर्ज है।
मामले के अनुसार अभियुक्त ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी के जरिए दो पासपोर्ट बनवा लिए थे। इस संबंध में शिकायत मिलने पर थाना खजनी में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर उसे वांछित घोषित किया गया और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस की सतर्कता और लगातार प्रयासों के चलते आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है, जिससे इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा सके। थाना प्रभारी ने गुरुवार काे बताया कि कूटरचना और धोखाधड़ी जैसे अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------

