कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-2 के दो स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म निर्माण पूरा
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
कानपुर, 23 जून (हि.स.)। कानपुर मेट्रो परियोजना के कॉरिडोर-2 के एलिवेटेड सेक्शन पर सिविल और ट्रैक निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी टीम शहरवासियों को समयबद्ध तरीके से मेट्रो सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। यह बातें मंगलवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहीं।
कानपुर मेट्रो परियोजना के कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) के एलिवेटेड सेक्शन पर निर्माण कार्य तेजी से प्रगति कर रहा है। इस सेक्शन में पाइलिंग कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि कास्टिंग यार्ड में पियर कैप, डबल-टी गर्डर और यू-गर्डर जैसी प्री-कास्ट संरचनाओं की ढलाई भी पूरी हो चुकी है। सिविल निर्माण के साथ-साथ ट्रैक बिछाने का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
इसी क्रम में कानपुर मेट्रो ने कॉरिडोर-2 के बर्रा-7 और विजय नगर मेट्रो स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म लेवल की ढलाई का कार्य पूरा कर लिया है। दोनों स्टेशनों के कॉनकोर्स लेवल पर तकनीकी कक्षों का निर्माण भी शुरू हो गया है। इसके अलावा जल्द ही यहां प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग (पीईबी) स्ट्रक्चर के निर्माण का कार्य भी आरंभ किया जाएगा।
मेट्रो स्टेशनों पर सिग्नलिंग, टेलीकॉम और इलेक्ट्रिकल सिस्टम से जुड़े तकनीकी कक्ष तैयार किए जा रहे हैं, जो मेट्रो संचालन के लिए महत्वपूर्ण होंगे। इनके तैयार होने के बाद आवश्यक उपकरणों और प्रणालियों की स्थापना का कार्य शुरू किया जाएगा।
गौरतलब है कि लगभग 8.60 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-2 में 4.50 किलोमीटर का एलिवेटेड सेक्शन और 4.10 किलोमीटर का अंडरग्राउंड सेक्शन शामिल है। एलिवेटेड सेक्शन में कृषि विश्वविद्यालय, विजय नगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8 समेत पांच स्टेशन बनाए जा रहे हैं। वहीं, रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे। कॉरिडोर-1 पर कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो सेवाएं संचालित हैं, जबकि नौबस्ता तक विस्तार की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

