पटियाला बस स्टैंड के रेस्ट रूम में ड्राइवर मृत मिला:मुंह से निकला खून और झाग, 2 दिन से घर नहीं गया था

पटियाला के नए बस स्टैंड स्थित ड्राइवर रेस्ट रूम में एक बस चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव तेजा निवासी हरशदीप सिंह के रूप में हुई है, जो एक निजी टाइम बस पर चालक के तौर पर कार्यरत था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजिंदरा अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, हरशदीप सिंह पिछले दो दिनों से अपने घर नहीं गया था और नए बस स्टैंड के दूसरे तल पर बने ड्राइवर विश्राम गृह में रुका हुआ था। सोमवार सुबह उसके सहकर्मियों ने उसे जगाने का प्रयास किया, लेकिन उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। पिता बोले- बेटा काम के सिलसिले में बाहर रहता था मृतक के पिता नछत्तर सिंह ने बताया कि उनका बेटा अक्सर काम के सिलसिले में एक-दो दिन घर से बाहर रहता था, इसलिए परिवार को कोई विशेष चिंता नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह उन्हें बस स्टैंड से फोन आया कि उनके बेटे की तबीयत खराब है। मौके पर पहुंचने पर उन्हें हरशदीप सिंह की मौत की जानकारी मिली। घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक के मुंह से खून और झाग निकली हुई थी, जिसके कारण मौत को संदिग्ध माना जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका भी जताई जा रही है कि उसकी मौत किसी नशीले पदार्थ के सेवन के कारण हुई हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

   

सम्बंधित खबर