मुरादाबाद, 17 मई (हि.स.)। डिस्ट्रिक्ट टेबुल टेनिस एसोसिएशन मुरादाबाद के तत्वावधान में डिस्ट्रिक्ट टेबिल टेनिस प्रतियोगिता रविवार को नेताजी सुभाष चन्द्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम मुरादाबाद सम्पंन हुई। प्रतियोगिता का समापन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ के संयुक्त सचिव डा. अजय पाठक द्वारा किया गया।
जिला टेबिल टेनिस एसोसिएशन के सचिव योगेन्द्र गौतम ने मुख्य अतिथि को बुके देकर, शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। आज खेल गये मैचों में बालिका वर्ग-17 वर्ष से कम आयु में अदविता गौतम ने कनिष्का कपूर को 3-2 से हराकर खिताब जीता, बालिका वर्ग-19 वर्ष से कम आयु में कनिष्का कपूर ने काव्या वर्मा को 3-1 से हराकर खिताब जीता, बालक वर्ग-15 वर्ष से कम आयु में विराट गुप्ता ने अक्षत सिंह को 3-2 से हराकर खिताब जीता, बालक वर्ग-17 वर्ष से कम आयु में विख्यात कत्याल ने काविश गोयल को 3-0 से हराकर खिताब जीता, बालक वर्ग-19 वर्ष से कम आयु में पीएमएस पब्लिक स्कूल के मो. नोमान ने शिरडी साँई स्कूल के विख्यात कत्याल को 3-2 से हराकर खिताब जीता, महिला वर्ग-अदविता गौतम ने आरना को 3-2 से हराकर खिताब जीता व पुरूष वर्ग-शिरडी साँई स्कूल के विख्यात कत्याल ने पीएमएस पब्लिकस्कूल के मो० नोमान को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
इस अवसर प्रधान सहायक राम कृपाल, कनिष्ठ सहायक प्रदीप कुमार सक्सैना सहित स्टेडियम का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। निर्णायक मण्डल पीके सक्सैना, सजल अग्रवाल, अनिल सेन, रफी हुसैन, जागेश सक्सैना आदि उपस्थित रहे।
जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव योगेन्द्र गौतम ने बताया कि इस प्रतियोगिता के आधार पर जिले की टीम का चयन हुआ वह बरेली में 5 से 7 जून तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मुरादाबाद जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

