पीएम सूर्य घर योजना के तहत लगाया जा रहा सोलर सिस्टम, उपभोक्ताओं को मिलेगी बिजली बिल से राहत
- DSS Admin
- May 29, 2026
भागलपुर, 29 मई (हि.स.)। केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर योजना के तहत भागलपुर के नाथनगर क्षेत्र के सुजापुर में तेजी से सोलर सिस्टम लगाने का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में नाथनगर स्थित 2 घरों में सोनालीवा कंपनी की ओर से तीन किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाया जा रहा है।
योजना के तहत लोगों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के साथ बिजली बिल से राहत दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। सोनालीवा कंपनी के जनरल मैनेजर मनीष कुमार ने बताया कि तीन किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाने में करीब दो लाख दस हजार रुपए खर्च आता है। इसमें सरकार की ओर से 78 हजार रुपए की सब्सिडी दी जाती है, जो सिस्टम लगने के करीब एक सप्ताह के भीतर उपभोक्ता के खाते में भेज दी जाती है।
उन्होंने बताया कि सोलर सिस्टम लगने के बाद घरों का बिजली बिल लगभग शून्य हो जाता है। इससे उपभोक्ताओं को हर महीने बिजली खर्च में बड़ी राहत मिलती है। साथ ही यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
मनीष कुमार ने कहा कि सरकार की इस योजना के प्रति लोगों में लगातार जागरूकता बढ़ रही है और अब ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भी लोग अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाने में रुचि दिखा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं को योजना से संबंधित पूरी जानकारी और तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

