बारुईपुर छात्रा हत्या मामले में एसयूसीआई ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए गंभीर सवाल
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
कोलकाता, 06 जुलाई (हि. स.)। बारुईपुर महकमा के सूर्यपुर में 11 वर्षीय स्कूली छात्रा के दुष्कर्म और हत्या के मामले में सोमवार को एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के पूर्व विधायक एवं राज्य सचिवमंडली के सदस्य तरुण नस्कर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उनके नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
परिवार से मिलने के बाद तरुण नस्कर ने कहा कि यदि छात्रा के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी और गंभीरता से कार्रवाई की होती, तो बच्ची को जीवित बचाया जा सकता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था, लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण उन्हें जल्द ही छोड़ दिया गया। हालांकि, इस आरोप पर पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
तरुण नस्कर ने मामले के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। साथ ही, ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने लोगों से अपील की कि इस घटना को सांप्रदायिक रंग न दिया जाए और पार्टी, मत तथा धर्म से ऊपर उठकर सभी लोग पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए एकजुट हों।
एसयूसीआई ने सोमवार शाम बारुईपुर थाने में एक ज्ञापन भी सौंपा। पार्टी की राज्य समिति के आह्वान पर कोलकाता सहित राज्य के विभिन्न जिलों और शहर में न्याय की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन और रैलियां भी आयोजित की गईं।
---------------

