बहराइच, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले कैसरगंज थाना क्षेत्र में सोमवार की रात कुरसंडा गांव स्थित प्यारेपुर मोड़ पुलिया के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया है। उसके दाहिने पैर में गोली लग गयी और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव और अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे।
एसपी ने बताया कि बदमाश की पहचान गौकश अशरफ उर्फ टीन्ने के रूप में हुई हैं। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। गौकशी समेत विभिन्न मामलों में उसके खिलाफ करीब छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस को देर रात सूचना मिली कि गौकशी के कई मामलों में वांछित इनामी अशरफ उर्फ टीन्ने प्यारेपुर मोड़ पुलिया के पास खड़े होकर अपने साथियों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही कैसरगंज पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस पार्टी ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली उसके दाहिने पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद हुई है। एसपी ने बताया कि घायल बदमाश का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
---------------

