पॉलिटेक्निक छात्र की मौत पर बवाल, हाईवे जाम के बाद पुलिस पर पथराव, कई पुलिसकर्मी घायल
- DSS Admin
- Jun 30, 2026

बाराबंकी, 30 जून (हि.स.)। थाना रामनगर क्षेत्र के ग्राम कटियारा में 21 वर्षीय पॉलिटेक्निक छात्र जितेंद्र चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने मंगलवार को उग्र रूप ले लिया। परिजनों और ग्रामीणों ने छात्र का शव राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे लगभग दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार अपराह्न करीब दो बजे परिजन और ग्रामीण शव लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग किया गया। इसके बाद कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद यादव, उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र, सिपाही शिवमोहन वर्मा, मानवेंद्र सिंह सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर भेजा गया, जहां उनका इलाज किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया और पुलिस ने मौके से कई उपद्रवियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर निष्पक्ष एवं विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद अधिकारियों की मौजूदगी में छात्र के शव का अंतिम संस्कार कराया गया।
घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को खाली कराकर आवागमन बहाल कराया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पथराव और कानून-व्यवस्था बाधित करने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------

