
-मुख्यमंत्री खांडू ने जताया शोक
इटानगर, 23 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों में अरुणाचल प्रदेश निवासी एवं भारतीय वायुसेना का जवान भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी पुष्टि की।
मृतक की पहचान लोअर सुबनसिरी जिले के ताजंग गांव के मूल निवासी कॉर्पोरल तागे हैलियांग के रूप में हुई है। घटना के समय वे छुट्टी पर थे। अनंतनाग जिले के खूबसूरत पर्यटन शहर पहलगाम में हुए हमले में वे भी अपनी जान गंवाने वालों में शामिल हैं।
इस संबंध में सोशल मीडिया के जरिए अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शोक व्यक्त किया और कहा कि भारतीय वायुसेना के कॉर्पोरल तागे हैलियांग की दुखद मौत से गहरा दुख हुआ है। वे अरुणाचल प्रदेश के एक बहादुर बेटे थे, जो लोअर सुबनसिरी के ताजंग गांव के रहने वाले थे। अपनी पत्नी के साथ पहलगाम जाते समय आतंकी हमले में उनकी जान चली गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने साहस और सम्मान के साथ देश की सेवा की और उनकी असामयिक मृत्यु न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ी क्षति है। हमारी संवेदनाएं उनके प्रियजनों के साथ हैं, खास तौर पर उनकी पत्नी के साथ जो इस भयावह घटना में बच गईं। ईश्वर उन्हें इस अकल्पनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
खांडू ने कहा हम कॉर्पोरल हैलियांग को उनकी सेवा और बलिदान के लिए हमेशा याद रखेंगे।.
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी