पलवल : संविधान का सम्मान और रक्षा करना हर नागरिक का दायित्व : सांसद राजकुमार चाहर

बाबा साहेब भीमराब अंबेडकर को मालाअर्पण करते हुए

पलवल, 23 अप्रैल (हि.स.)। भारत देश के संविधान अपनाने के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार की ओर से मनाए जा रहे ‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’ अभियान के तहत बुधवार को जिला के गांव कुश्क के अंबेडकर पार्क में ‘संविधान सम्मान’ समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीजेपी जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला ने की।

इस अवसर पर सभी ने मिलकर संविधान का सम्मान और रक्षा करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया गया।

फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि वर्तमान सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चहुंमुखी विकास करने के साथ-साथ देश के महापुरुषों को पूरा-मान सम्मान दे रही है। यही कारण है कि सरकार ने बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर के जन्म स्थान से लेकर उनके शिक्षा ग्रहण स्थल, देहांत स्थल और उनके अंतिम संस्कार स्थल सहित अन्य सभी जगह उनके स्मारण बनाकर पंचतीर्थ बनाने का कार्य किया है।

सांसद चाहर ने कहा कि हमारा संविधान हमारे अधिकारों की रक्षा करता है। देश के प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार देता है। संविधान से ही सभी नागरिकों के अधिकार संरक्षित है। यह अधिकार हमें कर्तव्यबोध भी करवाते हैं। इसलिए देश के प्रत्येक नागरिक को अपने संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा और श्रद्धा रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत का संविधान एक लिखित दस्तावेज है, जो सरकार और उसके संगठनों के मौलिक बुनियादी संहिता, संरचना, प्रक्रियाओं, शक्तियों और कर्तव्यों और नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों का निर्धारण करने वाले ढांचे को निर्धारित करता है। इसे 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा अंगीकृत किया गया था और यह 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की ओर से भारत देश के संविधान अपनाने के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज ‘संविधान सम्मान’ समारोह का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को विश्व गुरु बनाने के स्वप्न को युवा साकार करेंगे।

सांसद फतेहपुर सीकरी राजकुमार चाहर ने कहा कि विश्व के अन्य लोग भी हमारे यहां अध्ययन करने आते हैं कि संविधान के रास्ते पर इतना बड़ा लोकतांत्रिक देश किस तरह चल रहा है।

वरिष्ठ भाजपा नेता सतबीर सिंह पटेल ने कहा कि संविधान लोकतंत्र का रक्षक है जो कि देश और समाज का मूलाधार है। सरकार की ओर से देश के कोने-कोने में संविधान को युवाओं तक पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित करवाए हैं, ताकि युवाओं को संविधान की जानकारी मिल सके। आने वाली पीढ़ी को संविधान की जानकारी देने के लिए यह अच्छा प्रयास है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे संविधान को अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान प्रदान करें।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, वरिष्ठ नेता हरेंद्रपाल राणा, जिला महामंत्री वीरपाल दीक्षित, सतवीर पटेल, जिला उपाध्यक्ष अजय डागर, ग्राम सरपंच प्रियंका, एस.सी. मोर्चा के जिला अध्यक्ष सत्य प्रकाश जाटव, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष दिनेश पांचाल, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रदीप चंदीला, नवीन, सुशील, सुनील, सतबीर बैंसला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

   

सम्बंधित खबर