रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार परबतझोरा का डीएफओ

कोकराझाड़ (असम), 19 मई (हि.स.)। असम में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुख्यमंत्री की सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने मंगलवार को कोकराझाड़ जिले के परबतझोरा वन प्रभाग के डीएफओ अभिनाश बसुमतारी को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, एक ठेकेदार से लंबित बिल पास कराने के नाम पर डीएफओ अभिनाश बसुमतारी द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक शाखा की टीम ने विशेष अभियान चलाया।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने बसुमतारी को कथित रूप से दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

सूत्रों के मुताबिक, मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित अनियमितताओं की जानकारी जुटाने के लिए आरोपित अधिकारी से लगातार पूछताछ जारी है। राज्य सरकार की भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई के तहत इस अभियान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

-----------

   

सम्बंधित खबर