हिसार : पीएनडीटी नोडल अधिकारी के निलंबन के विरोध में हड़ताल पर रहे चिकित्सक
- Admin Admin
- Apr 12, 2025

दो घंटे हड़ताल करके जताया विरोध, हड़ताल से मरीज हुए परेशान
हिसार, 12 अप्रैल (हि.स.)। पीएनडी के नोडल अधिकारी डॉ. प्रभुदयाल को निलंबित
किए जाने के विरोध में जिले के नागरिक अस्पताल में चिकित्सक शनिवार काे हड़ताल पर रहे। चिकित्सकों
की हड़ताल के चलते मरीज ओपीडी में बैठक इंतजार करते रहे और उन्हें भारी परेशानी झेलनी
पड़ी।
पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉक्टर प्रभु दयाल को निलंबित किए जाने के विरोध
में सरकारी अस्पताल के डाक्टरों ने शनिवार को दो घंटे हड़ताल की। नागरिक अस्पताल के
चिकित्सक हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के आह्वान पर सुबह 2 घंटे 10 से
12 बजे तक हड़ताल पर रहे। हड़ताल के चलते चिकित्सक नागरिक अस्पताल के सीएमओ कार्यालय
के सामने एकत्रित हुए और डॉक्टर प्रभु दयाल को सस्पेंड करने का विरोध जताया। उन्होंने
कहा कि डॉक्टर प्रभुदयाल के नेतृत्व में हिसार में लिंगानुपात में बढ़ोतरी हुई है।
वर्ष 2015 में लिंग अनुपात 886 था, लेकिन अब बढ़ कर 916 पर पहुंच गया है।
चिकित्सकों की हड़ताल के कारण मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। नागरिक अस्पताल
में नेत्र विभाग, गायनी और फिजिशियन ओपीडी में मरीजों की भीड़ लगी रही। इसके अलावा
अन्य ओपीडी में मरीजों की भीड़ लगी रही, हालांकि बच्चों की ओपीडी और अन्य ओपीडी में
जहां एनएचएम के डॉक्टर रहे, जहां चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। हड़ताल के कारण
मरीजों को इंतजार करना पड़ा।
नागरिक अस्पताल के पीएनडीटी विभाग के नोडल अधिकारी डॉक्टर प्रभु दयाल को अतिरिक्त
मुख्य सचिव ने तीन दिन पूर्व सस्पेंड कर दिया था। विभाग इस मामले की जांच की बात कह
रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर