यमुनानगर:सरकार का लक्ष्य हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे: श्याम सिंह राणा
- Admin Admin
- Apr 11, 2025

यमुनानगर, 11 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने रादौर विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और समर्पित कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिसमें कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। शुक्रवार को सम्मेलन में सक्रिय सदस्यों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राणा ने कहा कि भाजपा एक संगठित पार्टी है और इसकी सबसे बड़ी ताकत इसके मेहनती व कर्मठ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उसकी रीढ़ होते हैं। जब ये स्तंभ मजबूत होते हैं, तभी पार्टी अपने लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है और कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की संस्कृति ही पार्टी को अन्य दलों से अलग बनाती है। दूसरी पार्टियों के कार्यकर्ता भी भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं, क्योंकि भाजपा ने कभी जाति-पंथ की राजनीति नहीं की। हमने सबका साथ-सबका विकास के मंत्र को अपनाते हुए सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों और कार्यकर्ताओं की निष्ठा के कारण केंद्र, राज्य और स्थानीय स्तर पर तिहरे इंजन की सरकार बनी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार की आर्थिक नीतियों को लेकर कहा कि तीसरे कार्यकाल में सरकार ऐतिहासिक फैसले लेकर नई योजनाएं लागू करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हर योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, और इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम होगी। उन्होंने रादौर हलके के गांव अलाहर में पहुंचकर लोगों को 14 अप्रैल को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर यमुनानगर में आयोजित होने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महारैली में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग