उप्र में दीपावली से पहले पड़ने लगेगी गुलाबी ठंड

कानपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मानसून वापसी के बाद शुष्क हुए मौसम में अब बदलाव होने लगा है। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम होने से रात का तापमान गिर रहा है, हालांकि दिन का तापमान अब भी सामान्य से अधिक चल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम की सर्द हवाओं से उत्तर प्रदेश में दीपावली से पहले ही गुलाबी सर्दी दस्तक दे देगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में अवसाद (डिप्रेशन) बना हुआ है। इससे दक्षिण भारत का मौसम तो प्रभावित होगा लेकिन उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव नहीं होगा। मानसून वापसी के बाद उत्तर प्रदेश का मौसम शुष्क बना हुआ है। आसमान साफ होने से दिन का तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है। यह मौसम किसानों के लिए अनुकूल है और रवी की बुवाई किसान भाई तेजी से करें। उत्तर प्रदेश में दीपावली से पूर्व गुलाबी सर्दी पड़ने लगेगी, क्योंकि पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है और सर्द भरी उत्तर पश्चिम हवाएं गंगा के मैदानी क्षेत्रों में आना शुरू हो गईं हैं। ऐसे में लोग सर्दी के लिए तैयार हो जाएं और गर्म कपड़ों को बाहर निकाल लें।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 35.2 और न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 93 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 41 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 1.9 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में आगामी पांच दिनों में आसमान साफ रहने के कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अजय सिंह

   

सम्बंधित खबर