प्लेसमेंट कर्मचारियों ने रैली निकालकर कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन
- Admin Admin
- Nov 22, 2024

धमतरी, 22 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम धमतरी एवं जिले के सभी नगर पंचायतों में कार्यरत हड़ताली प्लेसमेंट कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर रैली निकालकर कलेक्ट्रेट में जमकर प्रदर्शन किया। शासन के नाम अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को शीघ्र पूरा करने मांग की है।
अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्षरत प्लेसमेंट कर्मचारियों ने 22 नवंबर को शहर के गांधी मैदान से विंध्यवासिनी मंदिर होते हुए कलेक्ट्रेट तक नारेबाजी करते हुए विशाल रैली निकाली। जिसमें 500 से अधिक कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस अधिकारी व जवानों ने भीड़ को कलेक्ट्रेट में प्रवेश से पहले रोक दिया। यहां कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगे शीघ्र पूरा करने की मांग की है। सौंपे ज्ञापन में प्लेसमेंट कर्मचारियों की मांग है कि प्लेसमेंट कर्मचारी लंबे समय से अपने वेतन में बढ़ोतरी, नौकरी की स्थायित्व और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन उनकी मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। प्लेसमेंट कर्मचारियों के दिनोंदिन उम्र बढ़ता जा रहा है।
कर्मचारियाें ने कहा कि कम मानदेय से परिवार चलाना मुश्किल हो चुका है। ऐसे में शासन-प्रशासन उनकी मांगों को शीघ्र पूरा करें, नहीं तो भविष्य में उग्र आंदोलन किया जाएगा। हड़ताली प्लेसमेंट कर्मचारियों को उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने का अधिकारी ने आश्वासन दिया है। रैली प्रदर्शन में बड़ी संख्या में प्लेसमेंट कर्मचारी उपस्थित थे। संघ के अध्यक्ष प्रकाश मरोठे उर्फ अविनाश मरोठे ने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होंगी, यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें अनसुनी की गईं, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्लेसमेंट कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से धमतरी शहर समेत नगरीय निकायों में सफाई व्यवस्था समेत कई कार्य प्रभावित हो चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा