अवैध खनन पर पुलिस की कार्रवाई, आठ ट्रैक्टर-ट्राली और दो जेसीबी सीज
- DSS Admin
- Jun 11, 2026
अमेठी, 11 जून (हि.स.)। अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ ट्रैक्टर-ट्राली और दो जेसीबी मशीनों को सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में काफी दिनों से बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा था। ग्रामीण लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो साझा कर इसकी शिकायत कर रहे थे। लगभग एक सप्ताह पूर्व भी खनन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़कर सीज किया था। इसके बावजूद अवैध खनन का सिलसिला जारी रहा। बताया जाता है कि बीती रात ग्राम सटवा मजरे पाकरगांव स्थित एक खेत में दो जेसीबी मशीनों और कई ट्रैक्टर-ट्रालियों की मदद से अवैध खनन किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलते ही मोहनगंज कोतवाली प्रभारी राकेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ ट्रैक्टर-ट्राली और दो जेसीबी मशीनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस द्वारा वाहन चालकों से खनन की अनुमति और वाहनों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी वाहनों को थाने लाकर सीज कर दिया गया। पुलिस के अनुसार अवैध खनन में प्रयुक्त वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
मोहनगंज थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आठ ट्रैक्टर-ट्राली और दो जेसीबी मशीनों को पकड़ा गया है। सभी वाहनों को सीज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति खनन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------

