झज्जर : प्रदीप सिन्हा बने अखिल भारतीय बजरंग वाहिनी के प्रदेश प्रमुख

झज्जर, 7 फरवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय बजरंग वाहिनी के राष्ट्रीय प्रमुख अरविंद श्रीवास्तव ने बहादुरगढ़ निवासी प्रदीप सिन्हा को प्रदेश प्रमुख मनोनीत किया है। सिन्हा की नियुक्ति पर संगठन के सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया और उनका मुंह मीठा कराकर बधाई दी। अखिल भारतीय बजरंग वाहिनी के नवनियुक्त प्रदेश प्रमुख प्रदीप सिन्हा ने अपने मनोनयन के लिए संगठन के सभी प्रमुख पदाधिकारियों का आभार जताया है। उन्होंने शुक्रवार को बताया कि इस वाहिनी का मुख्य लक्ष्य जनकल्याण, गोरक्षा, नारी रक्षा, सनातन धर्म की रक्षा और भारत माता के मान सम्मान और राष्ट्रवाद को स्थापित करने का है। उन्होंने कहा कि हमारी सनातनी हिन्दू संस्कृति को पुनस्र्थापित करने के लिए, हमारे अस्तित्व की रक्षा के लिए यह कार्य जरूरी है। इस कार्य मे प्रत्येक हिन्दू को अखिल भारतीय बजरंग वाहिनी के साथ खड़ा होकर संघर्ष करने की आवश्यकता है। बजरंग वाहिनी का हर एक सदस्य, देश का हर एक सनातनी हिन्दू हमारे लिए पूजनीय है। देश के प्रत्येक जनमानस के प्रति हमारे हृदय में गहरी श्रद्धा का भाव है। हम सभी के साथ आपका जुडऩा हमारे लिए गर्व का विषय होगा। हम हिन्दू हिन्दुत्व और हिन्दूराष्ट्र के लिए समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे। सिन्हा ने कहा कि गोवंश भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ रहा है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था तो हमेशा ही गोवंश पर निर्भर रही है इसलिए गोरक्षा सहित हिंदू हित के सभी मुद्दों पर सरकार को ही गंभीरता से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में हर रोज उठ रहे हिंदुओं के द्वारा में हिंदुत्व की ताकत को साबित भी कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

   

सम्बंधित खबर