हिसार : प्रवीण पोपली होंगे भाजपा मेयर पद के उम्मीदवार

लंबे समय से आरएसएस से जुड़ा रहा है पोपली का परिवारहिसार, 14 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने वरिष्ठ नेता प्रवीण पोपली को हिसार मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है। शुक्रवार देर सायं जारी सूची के अनुसार उनकी उम्मीदवारी घोषित की गई।प्रवीण पोपली भाजपा के वरिष्ठ नेता है और उनका परिवार आरएसएस से जुड़ा रहा है। उनके पिता रामस्वरूप पोपली आपातकाल के समय जेल जा चुके हैं। उम्मीदवार बनाए गए प्रवीण पोपली इस समय नमो ऐप के प्रदेश सह संयोजक है। इससे पहले वे पार्टी के जिला महामंत्री रह चुके हैं। पार्टी के अनेक नेताओं ने उनकी उम्मीदवारी का स्वागत किया है। पार्टी जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, उपाध्यक्ष संजीव रेवड़ी, मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा एवं अन्य नेताओं ने कहा कि पार्टी का फैसला स्वागत योग्य है। उन्होंने पार्टी के फैसले को कार्यकर्ता का सम्मान बताते हुए दावा किया कि मेयर चुनाव में भाजपा भारी अंतर से जीत दर्ज करेगी।इससे पहले दिन में वायरल हुई सूची में भी प्रवीण पोपली का ही नाम था लेकिन पार्टी की ओर से किन्हीं कारणों के चलते यह सूची रोक दी गई थी। इसके बाद सूची व नाम को लेकर संशय जारी रहा लेकिन देर रात फिर जारी हुई सूची में भी प्रवीण पोेपली का ही नाम रहा। बता दें कि पंजाबी समाज से आने वाले प्रवीण पोपली फिलहाल पार्टी में जिला महामंत्री का दायित्व संभाल रहे थे। हिसार में अग्रवाल समाज से विधायक बनने के बाद मेयर की टिकट के लिए पंजाबी समाज के व्यक्ति को ही प्रबल दावेदार माना जा रहा था। हिसार से मेयर की टिकट को लेकर शकुंतला राजलीवाला भी प्रयास कर रही थी। उनके लिए पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल उनके लिए प्रयास कर रही थीं। हिसार में पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने उनके नाम पर आपत्ति दर्ज कराई थी। डॉ. कमल गुप्ता पार्टी के किसी समर्पित कार्यकर्ता के लिए टिकट की पैरवी कर रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

   

सम्बंधित खबर