प्रवीण बने आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष, दीपक और संजय महासचिव

रांची, 28 जुलाई (हि.स.) । आजसू के वरिष्ठ नेता प्रवीण प्रभाकर को आजसू पार्टी का केंद्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि दीपक महतो को केंद्रीय महासचिव और संजय मेहता को केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। आजसू पार्टी के केंद्रीय सुदेश महतो ने संगठन विस्तार करते हुए सोमवार को पार्टी के युवा आजसू और छात्र आजसू के कई पदों पर नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की।

इस मौके पर सुदेश ने नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं भी दी।

पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा करते हुए बताया कि बसंत महतो, कुमुद वर्मा और चंद्रशेखर सिंह छोटू को केंद्रीय सचिव बनाया गया है। मुन्नू अख्तर को हजारीबाग जिला सचिव बनाया गया है।

वहीं ऋतुराज शाहदेव को आजसू छात्र संघ का केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि मो कैफ को युवा आजसू का दक्षिणी छोटानागपुर सह प्रभारी एवं संजय साहू को रांची जिला सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है।

सहिस ने आशा व्यक्त की कि उपरोक्त नियुक्तियों से संगठन को मजबूती मिलेगी और नए पदाधिकारी पार्टी को नई दिशा में ले जाने में अपना प्रगतिशील नेतृत्व प्रदान करेंगे।

प्रवीण प्रभाकर सहित सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को पार्टी के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो, पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष डोमन सिंह मुंडा, प्रधान महासचिव मुकुंद मेहता, हरेलाल महतो, संतोष महतो सहित अन्य नेताओं ने बधाई दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

   

सम्बंधित खबर