जैविक खेती अपनाकर ही गम्भीर बीमारियों से बचाव संभव : पूनम मौर्या

—वाराणसी में जैविक किसान मेला से किसानों में आ रही जागरूकता

वाराणसी, 20 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और किसानों के कल्याण के सपनों को साकार करने के उद्देश्य से गुरूवार को बड़ागांव विकास खंड के ग्राम पंचायत दादूपुर धौकलगंज में जैविक किसान मेला आयोजित किया गया। यह आयोजन नमामि गंगे योजना के अंतर्गत कृषि विभाग वाराणसी और बायोसर्ट इंटरनेशनल प्रा.लि. के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

मेला का शुभारम्भ बतौर मुख्य अतिथि, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस मौके पर किसानों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मेले में किसानों को जैविक खेती को बढ़ावा देने, रासायनिक खेती के नुकसान को भी बताया गया। कार्यक्रम में पूनम मौर्या ने कहा कि स्वस्थ रहने और आगामी पीढ़ियों को निरोग रखने के लिए रासायनिक खेती का त्याग करना आवश्यक है। जैविक खेती अपनाकर हम न केवल अपनी सेहत सुधार सकते हैं, बल्कि पर्यावरण को भी बचा सकते हैं। कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को विभिन्न जैविक खेती के तरीकों के बारे में जानकारी दी। प्रवीण श्रीवास्तव, श्रीकेश्वर शर्मा, और अर्पित सिंह ने देसी गाय पालन, गो मूत्र और गोबर से तैयार किए गए उत्पादों के उपयोग, और जीवनामृत घोल बनाने के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही उन्होंने मिट्टी में जीवांश बढ़ाने, बीज शोधन के लिए ट्राइकोडरमा के प्रयोग, और देशी बीजों के इस्तेमाल पर जोर दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने जैविक उत्पादों से सजे विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और किसानों के उत्पादों को सराहा। कार्यक्रम का संचालन अर्पित सिंह और धन्यवाद ज्ञापन एडीओ कृषि अशोक पाल ने किया। मेले में ग्राम प्रधान दादूपुर रमेश पटेल, सियाराम पटेल (प्रधान महिमापुर), लोकगीत गायक फूलचंद राजभर सहित सैकड़ों किसान उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर