जेल में लगाया फिजियोथैरेपी शिविर, बंदियों को करवाई एक्सरसाइज
- DSS Admin
- May 26, 2026
जोधपुर, 26 मई (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर तथा इंडिपेंडेंट लीगल एक्टिविट्स सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आज केंद्रीय कारागृह में फिजियोथैरेपी शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में कारागृह में निरुद्ध बंदियों को श्री गुरु फिजियोथैरेपी एंड रिहैबिलिटेशन सेंटरके फिजियोथैरेपी विशेषज्ञों द्वारा कमर दर्द, गर्दन का दर्द, कधों का दर्द, घुटनों का दर्द तथा हाथों का सुनापन सहित शरीर के अन्य समस्त अस्थि जोड़ों की एक्सरसाइज करवाई गई तथा बंदियों को एक्सरजाइज करते समय किन-किन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए उसके बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला एवं सेशन न्यायाधीश जोधपुर जिला पूरण कुमार शर्मा तथा सचिव डॉ. मनीष हरजाई उपस्थित रहे। इसी के साथ ही इंडिपेंडेंट लीगल एक्टिविट्स सोसायटी के सदस्य, केंद्रीय कारागृह के अधीक्षक एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
इसी के साथ रालसा जयपुर के निर्देशानुसार सचिव द्वारा केंद्रीय कारागृह का औचक साप्ताहिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय कारागृह में निरुद्ध बंदियों को उपलब्ध करवाये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, उनके स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधा सहित अन्य समस्त आधारभूत सुविधाओं की जांच पड़ताल कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।

