मिशन युवा की प्रगति की समीक्षा, 253 नए मामलों को मिली मंजूरी

जम्मू। स्टेट समाचार
अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त (एडीडीसी) शेर सिंह ने सोमवार को मिशन युवा की प्रगति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से विभागों के बीच बेहतर समन्वय, जमीनी स्तर पर व्यापक जनसंपर्क और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवाओं को इस उद्यमिता आधारित योजना का लाभ मिल सके। बैठक में मिशन युवा के क्रियान्वयन को और प्रभावी बनाने की रणनीतियों पर चर्चा की गई। साथ ही, उद्यम जागृति के माध्यम से जिले की करीब 21 हजार 'लखपति दीदी' को मिशन युवा से जोड़कर उनके उद्यमों के विस्तार के लिए वित्तीय एवं संस्थागत सहायता उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा जम्मू के खुदरा व्यापारियों को मिशन युवा सेलर ऐप से जोड़कर उनकी बाजार पहुंच और डिजिटल कारोबार को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में एसडीएम, सहायक आयुक्त विकास (एसीडी) दानिश रसूल, बीडीओ सहित संबंधित अधिकारियों ने योजना के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन को लेकर सुझाव और फीडबैक साझा किए। इसके बाद आयोजित जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति (डीएलआईसी) की बैठक में मिशन युवा के तहत 253 नए मामलों को मंजूरी दी गई। समिति ने सभी प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा के बाद उन्हें स्वीकृति प्रदान की। बैठक में रोजगार विभाग, श्रम विभाग, बैंकिंग क्षेत्र और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

   

सम्बंधित खबर