बलरामपुर, 30 जून (हि.स.)। आज मंगलवार को रघुनाथनगर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बीजपुर निवासी अभिषेक उरांव (18) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के मामा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग भांजी, जो पिछले तीन-चार वर्षों से उनके घर रहकर पढ़ाई कर रही थी, 26 जून की रात घर से लापता हो गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान 28 जून को नाबालिग को उत्तर प्रदेश के बीजपुर से बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, न्यायालय में दिए गए पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराएं जोड़ी गईं।
इसके बाद पुलिस ने आरोपित अभिषेक उरांव को 30 जून को बीजपुर से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
---------------

