मंत्री भरत सिंह चौधरी ने 'एक पेड़ गुरु के नाम' अभियान का किया शुभारंभ
- DSS Admin
- Jun 06, 2026
रुद्रप्रयाग, 06 जून (हि.स.)। उत्तराखंड प्रदेश के ग्राम्य विकास, पंचायतीराज मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रकृति संरक्षण को गुरु-शिष्य सम्मान भावना से जोड़ते हुए एक प्रेरणादायक पहल की शुरुआत की। उन्होंने शनिवार को रुद्रप्रयाग के तल्ला नागपुर क्षेत्र के क्वीली गांव में अपने अक्षर ज्ञान कराने वाले गुरु पंडित पूर्णानंद पुरोहित के जन्मस्थल पर पहुंचकर एक पेड़ गुरु के नाम अभियान का शुभारंभ किया।
गुरु पूर्णानंद पुरोहित के 100वें जन्मदिवस के अवसर पर मंत्री चौधरी ने उन्हें भोजपत्र की माला एवं उत्तराखंड का राजकीय पुष्प ब्रह्मकमल भेंट कर सम्मानित किया। तत्पश्चात गुरु के चरणों में श्रद्धा स्वरूप चंदन का पौधा रोपित कर अपनी गुरुदक्षिणा अर्पित की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुरुदेव का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन उन्हें सदा मिलता रहा है। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही जनसेवा का संकल्प और दृढ़ होता है। उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रारंभ हुआ यह अभियान प्रतिवर्ष हरेला पर्व की समाप्ति तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है।
ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। ग्राम्य विकास मंत्री ने प्रदेश के सभी पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंगल दलों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संगठनों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं से इस मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने और इसे देशव्यापी अभियान का स्वरूप देने का आह्वान किया।
--------------

