रीलबाजों पर पुलिस का एक्शन, खतरनाक स्टंट करने वाले युवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय तलब
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
रायगढ़, 16 जून (हि.स.)। सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट और वायरल रील बनाने का बढ़ता ट्रेंड अब युवाओं पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर जान जोखिम में डालकर रील बनाने वाले युवाओं के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।
रील बनाने के नाम पर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी, सड़क पर स्टंटबाजी और कानून व्यवस्था प्रभावित करने की शिकायतों के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रीलबाज युवाओं को अपने कार्यालय तलब किया। यहां युवाओं को साफ शब्दों में समझाइश दी गई कि लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए अपनी और दूसरों की जान खतरे में डालना गंभीर अपराध है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाइक स्टंट, चलती गाड़ियों पर खतरनाक पोज और रेलवे ट्रैक जैसे संवेदनशील स्थानों पर वीडियो बनाना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है। कई बार ऐसे स्टंट हादसों का कारण बनते हैं।
पुलिस ने रीलबाजों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई युवक खतरनाक स्टंट या सार्वजनिक व्यवस्था भंग करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें चालानी कार्रवाई से लेकर आपराधिक मामला दर्ज करने तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है।
एसपी ने युवाओं से अपील की कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों के लिए करें। लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसा कोई कदम न उठाएं, जिससे खुद या दूसरों की सुरक्षा खतरे में पड़े।

