पीआरवी वाहनों की संख्या बढ़ने से रिस्पॉन्स टाइम में हुआ सुधार : रघुबीर लाल
- DSS Admin
- May 25, 2026
कानपुर, 25 मई (हि. स.)। कमिश्नरेट कानपुर नगर में यूपी-112 सेवा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए 48 नए पीआरवी वाहनों को बेड़े में शामिल किया गया है। नए वाहनों के शामिल होने से रिस्पॉन्स टाइम में सुधार हुआ है और आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। यह बातें सोमवार को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहीं। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर नए पीआरवी वाहनों को रवाना किया।
कमिश्नरेट कानपुर नगर में वर्तमान में कुल 159 पीआरवी वाहन संचालित हो रहे हैं, जिनमें 75 चार पहिया और 84 दो पहिया वाहन शामिल हैं। मुख्यालय यूपी-112 ने कानपुर नगर के लिए कुल 169 पीआरवी वाहनों का आवंटन किया गया है। आगामी समय में 10 अतिरिक्त चार पहिया वाहन भी मिलने प्रस्तावित हैं, जिसके बाद कुल संख्या 169 हो जाएगी।
जोनवार आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी जोन में 33, पश्चिम जोन में 43, दक्षिण जोन में 54 और मध्य जोन में 28 पीआरवी वाहन संचालित किए जा रहे हैं। पुलिस विभाग के अनुसार, रिस्पॉन्स टाइम में भी सुधार दर्ज किया गया है। अप्रैल 2026 में कमिश्नरेट की रैंकिंग 24वें स्थान पर थी, जो मई 2026 में सुधरकर 12वें स्थान पर पहुंच गई।
आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल में शहरी क्षेत्र का रिस्पॉन्स टाइम 5.59 मिनट था, जो मई में घटकर 4.58 मिनट हो गया। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र का रिस्पॉन्स टाइम 9.10 मिनट से घटकर 9.09 मिनट और ओवरऑल रिस्पॉन्स टाइम 6.52 मिनट से सुधरकर 6.17 मिनट दर्ज किया गया। कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी यूपी-112 सेवा को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।---------------

