मेदिनीपुर स्टेशन पर आरपीएफ की सतर्कता, नाबालिग को सुरक्षित बचाया
- DSS Admin
- May 19, 2026
खड़गपुर, 19 मई (हि. स.)। रेलवे सुरक्षा बल मेदिनीपुर ने मुस्तैदी दिखाते हुए संकट में फंसी एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित बचाया और एक अन्य महिला को उसके परिवार से मिलाया।
रेलवे अधिकारियों ने मंगलवार शाम प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सोमवार रात गश्त के दौरान आरपीएफ के जवान मेदिनीपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-एक के मुख्य गेट के पास पहुंचे। इस दौरान वहां करीब 15 वर्ष की एक नाबालिग लड़की को अकेले और परेशान हालत में घूमते देखा गया। पूछताछ करने पर लड़की ने बताया कि वह घर से भागकर आई है और उसके पास रहने की कोई जगह नहीं है। स्थिति को देखते हुए आरपीएफ कर्मी उसे तुरंत आरपीएफ पोस्ट लेकर आए। वहां उसे भोजन दिया गया और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
इसके बाद आरपीएफ ने चाइल्ड हेल्पलाइन, खड़गपुर से संपर्क किया। आवश्यक जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नाबालिग को जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के प्रावधानों के तहत आगे की देखभाल और काउंसिलिंग के लिए रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया गया।
इसी दौरान सीसीटीवी निगरानी में प्लेटफॉर्म नंबर-एक के पास एक महिला भी असहाय स्थिति में घूमती हुई दिखाई दी। आरपीएफ ने उसे सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। महिला ने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण वह घर छोड़कर आई है। इसके बाद आरपीएफ ने उसके परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने पर महिला के पिता मेदिनीपुर आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। पहचान और आवश्यक सत्यापन के बाद महिला को उसके पिता को सौंप दिया गया।
---------------

