आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर मुख्यमंत्री ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

गुवाहाटी, 18 मई, (हि.स.)। आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर बढ़ती चिंता के बीच मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को राज्य में मूल्य निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बाजार पर कड़ी नजर रखने के निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने असामान्य मूल्यवृद्धि करने वाले व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सरकार ने सभी जिला आयुक्तों को अगले तीन से चार दिनों के भीतर जिला स्तरीय निगरानी समितियों की बैठक बुलाने का निर्देश दिया, ताकि बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके।

सरकार ने राज्य के सभी थोक और खुदरा दुकानदारों के लिए आवश्यक वस्तुओं के थोक एवं खुदरा मूल्य स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य कर दिया है। इसका उद्देश्य बाजार में पारदर्शिता बनाए रखना और उपभोक्ताओं को राहत देना बताया गया है।

सरकार ने साफ कहा है कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में असामान्य वृद्धि करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उनके व्यापार लाइसेंस तक रद्द किए जा सकते हैं।

बाजार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इयुक्तों, चैंबर ऑफ कॉमर्स और व्यापारिक संगठनों के साथ नियमित साप्ताहिक समीक्षा बैठकें आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है।

इसके साथ ही अधिकारियों को बाजारों में निरीक्षण अभियान तेज करने और वस्तुओं की कीमतों में हो रही असामान्य बढ़ोतरी पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले में सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के आधार लिंकिंग की प्रक्रिया तेज करने का निर्णय लिया है, ताकि एलपीजी सिलेंडर वितरण से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जा सके।

राज्य सरकार ने कहा कि आम लोगों के हितों की रक्षा तथा आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों में स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

-----------

   

सम्बंधित खबर