ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ ने लौटाया यात्रियों का लाखों का सामान

खड़गपुर, 30 जून (हि. स.)। रेल यात्रियों की सुरक्षा और सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को कायम रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के खड़गपुर मंडल ने ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में करीब एक लाख दस हजार रुपये से अधिक मूल्य का खोया सामान उसके वास्तविक मालिकों को सुरक्षित वापस लौटाया।

मंगलवार दोपहर रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति अनुसार, पहली घटना 26 जून की है। हिजली रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच के दौरान आरपीएफ कर्मियों को बुकिंग काउंटर के पास एक लावारिस वनप्लस नॉर्ड मोबाइल फोन मिला। मौके पर कोई दावेदार नहीं मिलने पर मोबाइल को सुरक्षित रूप से आरपीएफ पोस्ट में जमा कर लिया गया। बाद में मोबाइल के वास्तविक मालिक ने संपर्क कर बताया कि नीलाचल एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान उनका मोबाइल हिजली स्टेशन पर छूट गया था। 29 जून को आवश्यक दस्तावेजों और पहचान के सत्यापन के बाद करीब 20 हजार रुपये कीमत का मोबाइल उसके मालिक को सौंप दिया गया।

विज्ञप्ति अनुसार दूसरी घटना में 27 जून को हावड़ा रेलवे स्टेशन पहुंची वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच ई-एक की सीट संख्या 27-28 से यात्रियों के उतरने के बाद एक लावारिस एप्पल आईपैड बरामद किया गया। आरपीएफ ने आईपैड को अपनी सुरक्षित अभिरक्षा में रखा। अगले दिन 28 जून को रेल मदद पोर्टल पर आईपैड गुम होने की शिकायत दर्ज होने के बाद आरपीएफ ने तुरंत शिकायतकर्ता से संपर्क किया।

इसके बाद 29 जून को मालिक के अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा आवश्यक दस्तावेज और यात्रा विवरण प्रस्तुत करने पर सत्यापन प्रक्रिया पूरी की गई तथा करीब 90 हजार रुपये मूल्य का आईपैड सुरक्षित रूप से वापस कर दिया गया।

---------------

   

सम्बंधित खबर