छिवली नदी किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी पुलिस

कानपुर, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले महाराजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को छिवली नदी के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला।राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिया।

महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि, इमिलिया बाबा मंदिर के पास नदी किनारे करीब 45 वर्ष आयु के व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। हालांकि काफी प्रयासों के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

जांच के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से कुछ खाली ढक्कन मिले हैं। वहीं, उसके पास कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त में कठिनाई आ रही है। मृतक ने टी-शर्ट और पैंट पहन रखी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान सामने नहीं आए हैं, लेकिन मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि आसपास के गांवों, जनपद के अन्य थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस संबंध में जानकारी रखता हो तो पुलिस को सूचित करे।-----------------

   

सम्बंधित खबर