संघ की समन्वय बैठक में महाकुम्भ व पंच परिवर्तन से जुड़े विषयों पर हुई चर्चा
- Admin Admin
- Apr 02, 2025

--शताब्दी वर्ष से जुड़े विषयों पर काम करेगी भाजपा
लखनऊ, 02 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र की एक दिवसीए समन्वय बैठक बुधवार को सरस्वती शिशु मंदिर नेहरू नगर गाजियाबाद के सभागार में हुई। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भाजपा व संघ से जुड़े अन्य विविध संगठनों के प्रान्तीय व क्षेत्रीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में महाकुम्भ व पंच परिवर्तन से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में सरकार की ओर से स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी व प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल के अलावा मेरठ व ब्रज क्षेत्र के भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष व क्षेत्रीय महामंत्री शामिल हुए। वहीं संघ की ओर से अखिल भारतीय पदाधिकारियों में सह सेवा प्रमुख राजकुमार मटाले व अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य अजीत महापात्रा के अलावा क्षेत्र प्रचारक महेन्द्र व संयुक्त क्षेत्र प्रचार प्रमुख कृपा शंकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा ब्रज व मेरठ प्रान्त की प्रान्त टोली जिसमें प्रान्त संघचालक, कार्यवाह व प्रचारक व पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा विविध संगठनों के दोनों प्रान्तों के प्रान्तीय अध्यक्ष व महामंत्री शामिल हुए।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संयुक्त क्षेत्र प्रचार प्रमुख कृपा शंकर ने बताया कि समन्वय बैठक में भव्य दिव्य महाकुम्भ को लेकर चर्चा की गयी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विजयादशमी से संघ का शताब्दी वर्ष शुरू होगा। शताब्दी वर्ष के निमित्त सभी संगठनों के विस्तार के साथ—साथ समाज परिवर्तन से जुड़े पंच परिवर्तन के विषय को लेकर समाज का प्रबोधन करने की बात कही गयी है। इसलिए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व (स्व देशी) और नागरिक कर्तव्य के आधार पर सामाजिक परिवर्तन की योजना सभी संगठन अपने—अपने स्तर से बनायेंगे। इस विषय पर भाजपा भी काम करेगी।
समन्वय बैठक में हाल ही में बंगलूरू में सम्पन्न संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में बांग्लादेश में हिन्दू उत्पीड़न पर पारित प्रस्ताव व स्वतंत्रता सेनानी महारानी अबक्का के जन्म की 500वीं वर्षगांठ के अवसर पर जारी वक्तव्य के बारे में जानकारी दी गयी।
समन्वय बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अलावा, भाजपा, विश्व हिन्दू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ, विद्या भारती, वनवासी कल्याण् आश्रम, भारत विकास परिषद, स्वदेशी जागरण मंच, शैक्षिक महासंघ, संस्कार भारती, आरोग्य भारती, नेशनल मेडिकोज आर्गनाईजेशन, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, लघु उद्योग भारती, सहकार भारती, सक्षम, राष्ट्र सेविका समिति, राष्ट्रीय सिख संगत व भारतीय शिक्षण मण्डल के पदाधिकारी शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन