शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन पर काम करेगा संघः देवेंद्र

हमीरपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की हमीरपुर इकाई ने 99 स्थापना दिवस व विजय दशमी उत्सव मनाया। कार्यक्रम में सेना मेडल से सम्मानित सेवानिवृत हवलदार कुलदीप पटियाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि सामाजिक समरसता हिमाचल प्रदेश सह संयोजक देवेंद्र सिंह मुख्य वक्ता रहे।

कार्यक्रम में सबसे पहले अतिथियों ने शस्त्र पूजन किया और उसके बाद हमीरपुर शहर में पथ संचलन किया। इससे पूर्व मुख्यवक्ता ने संबोधन में कहा कि आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी स्थापना के 99 वर्ष की यात्रा पूर्ण की है। आज देशभर के सभी जिलों में संघ का कार्य पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र के निर्माण के लिए व्यक्ति निर्माण करना संघ का उद्देश्य है, जिसके लिए संघ निरतंर कार्य कर रहा है। आज इसके परिणाम हमें देखने को भी मिलते हैं। उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष में सामाजिक कार्यों के लिए संघ में पंच परिवर्तन पर जोर दिया जा रहा है। संघ के पंच परिवर्तन में सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व पर जोर एवं नागरिक दायित्व शामिल है। जिसके माध्यम से व्यक्ति निर्माण किया जाएगा, जो देश के निर्माण में योगदान देंगे।

उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को उसके कर्तव्य बोध के प्रति प्रेरित किया जाएगा। साथ ही लोगों को अपने दैनिक जीवन के कर्तव्यों को सही ढंग से पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने विजय दशमी उत्सव के महत्व पर भी प्रकाश डाला और प्रमु श्रीराम के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के बाद संघ के स्वयंसेवकों ने हमीरपुर नगर में पथ संचलन निकाला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

   

सम्बंधित खबर