झज्जर : राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोप पर भाजपा नेता धनखड़ का पलटवार
- Admin Admin
- Aug 12, 2025
झज्जर, 12 अगस्त (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी के सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने चुनाव आयोग को एक संवैधानिक संस्था बताते हुए कहा कि वहां तत्काल सुनवाई होती है, इसलिए राहुल गांधी को अखबारों में हु-हल्ला करने के बजाय सीधे चुनाव आयोग के पास जाना चाहिए।
भाजपा नेता ओमप्रकाश धनखड़ ने मंगलवार को झज्जर में पार्टी द्वारा निकाली गई हर घर तिरंगा यात्रा में भाग लिया। यात्रा आरंभ होने से पूर्व आयोजित सभा में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि आजादी के 75वें वर्ष पर हर घर तिरंगा अभियान पूरे देश में चल रहा है, जिसमें जनता का उत्साह देखने लायक है।
तिरंगा यात्रा के दौरान झज्जर शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। जगह.जगह पर लोगों ने तिरंगे लहराकर यात्रा का स्वागत किया। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ इस आयोजन में शामिल हुई। धनखड़ ने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर और विदेशी वस्तुओं का त्याग कर ही भारत 2047 तक आर्थिक रूप से सशक्त राष्ट्र बन सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव को जीवनभर की प्रेरणा बनाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
तिरंगा यात्रा झज्जर शहर के सभी प्रमुख बाजारों में निकाली गई। इस दौरान तमाम राहगीरों दुकानदारों और यात्रा में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। हर किसी की भावनाएं तिरंगे की आन बान और शान के लिए कुर्बान होती नजर आ रही थी। तिरंगा यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, नगर पालिका झज्जर के अध्यक्ष रामकिशन सैनी, बेरी विधानसभा क्षेत्र से पार्टी नेता संजय काबलाना और जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी गीतांशु चावला सहित तमाम पार्टी नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज



