साल्टलेक में प्रेस वार्ता कर राहुल सिन्हा ने बंगाल के कई मुद्दों पर रखी बात
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
कोलकाता, 17 जून (हि. स.)। कोलकाता के साल्टलेक स्थित भाजपा के राज्य कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्यसभा सांसद और पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, भ्रष्टाचार जांच, घुसपैठ, औद्योगीकरण, पश्चिम बंगाल दिवस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान सहित कई अहम मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
राहुल सिन्हा ने कहा कि केवल डेढ़ महीने के भीतर पिछली सरकार के कार्यकाल में हुए कई भ्रष्टाचार के मामले सामने आने लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध वसूली, आवास योजना और अन्य सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार के जो आरोप लंबे समय से लगाए जा रहे थे, अब जांच के जरिए उनकी सच्चाई सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि आम लोगों से जबरन वसूले गए पैसों की बड़ी मात्रा अब बरामद हो रही है, जिससे पिछली सरकार में फैले भ्रष्टाचार की तस्वीर साफ हो रही है।
घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा लंबे समय से आरोप लगाती रही है कि बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या समुदाय के जरिए पश्चिम बंगाल की जनसंख्या संतुलन को प्रभावित करने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि अब विभिन्न जांच और प्रशासनिक कार्रवाइयों के माध्यम से इन आरोपों की सच्चाई भी सामने आ रही है।
तृणमूल कांग्रेस की वर्तमान स्थिति पर टिप्पणी करते हुए राहुल सिन्हा ने कहा कि पार्टी में नीति, आदर्श और लोकतांत्रिक व्यवस्था की कमी के कारण संगठन तेजी से कमजोर हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई स्तरों पर नेता और कार्यकर्ता पार्टी छोड़ रहे हैं और जनता का भरोसा भी लगातार कम हो रहा है।
औद्योगीकरण और निवेश के विषय पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पश्चिम बंगाल में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका कहना था कि अवैध वसूली और वसूली खत्म होने से उद्योगपतियों और निवेशकों के बीच नया भरोसा पैदा हुआ है, जिससे नए निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही बंद पड़े उद्योगों को फिर से शुरू करने की दिशा में भी काम शुरू हो चुका है।
आगामी 20 जून को पश्चिम बंगाल दिवस के बारे में उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल का दिन है। उन्होंने याद दिलाया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की ऐतिहासिक भूमिका के कारण ही पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा बना रहा। इसी वजह से 20 जून को पश्चिम बंगाल दिवस, 23 जून को डॉ. मुखर्जी के बलिदान दिवस और छह जुलाई को उनकी जयंती पूरे सम्मान के साथ मनाई जानी चाहिए।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए राहुल सिन्हा ने पहाड़ी क्षेत्रों के विकास, विधानसभा में लोकतांत्रिक माहौल, सरकारी सामाजिक योजनाओं में पारदर्शिता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मुद्दों पर सरकार की स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा और विकास कार्यों में किसी तरह का राजनीतिक भेदभाव नहीं किया जाएगा।
---------------

