बारिश की तीव्रता बढ़ने के आसार, मुंबई के स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
मुंबई, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र एक 'डिप्रेशन' में बदल गया है। इससे महाराष्ट्र में बारिश की तीव्रता बढ़ने का पूर्वानुमान हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की तीव्रता ज़्यादा रहेगी। आज सोमवार को मुंबई में भारी बारिश का अनुमान है, इसलिए स्कूल-कॉलेजों को छुट्टी दे दी गई है।
मौसम विभाग ने सोमवार 6 जुलाई 2026 को मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसे देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई में सरकारी, प्राइवेट, मनपा स्कूल और कॉलेजों में 6 जुलाई को छुट्टी घोषित की गई है। हालांकि सरकारी और निजी कार्यालय हमेशा की तरह खुले रहेंगे। मुंबई मनपा प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ज़रूरी होने पर ही अपने घरों से बाहर निकलें। राज्य के कई हिस्सों में राहत भरी बारिश हो रही है। कुछ इलाकों में बाढ़ की स्थिति है तो कुछ इलाकों को राहत मिली है। खेती के काम में भी तेजी आई है। इस बीच मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले तीन दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की तीव्रता ज़्यादा होगी। कोंकण तट और पुणे घाट में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस बीच 2 जुलाई को बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर क्षेत्र बना था। अब इसकी इंटेंसिटी बढ़ गई है और वह एक लो डिप्रेशन में बदल गया है। इस स्थिति में हवा की रफ्तार ज़्यादा होती है, इसलिए अधिक बादल बनते हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इससे अच्छी बारिश होने का अनुमान है। अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश की इंटेंसिटी अधिक रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने कोंकण में बहुत ज़्यादा भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है। पुणे, सातारा और कोल्हापुर के घाट भी इसमें शामिल हैं। लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
---------------

