सत्ता परिवर्तन के बाद रिषड़ा में दिखने लगा बदलाव, टिकट काउंटर के पीछे कूड़े का ढेर हुआ साफ
- DSS Admin
- May 18, 2026
हुगली, 18 मई (हि. स.)। रिषड़ा तीन नंबर रेल गेट के पास स्थित टिकट काउंटर के पीछे लंबे समय से जमा गंदगी को जेसीबी मशीन की मदद से सोमवार को साफ कराया गया।
भीषण गर्मी के बावजूद सफाई अभियान की निगरानी स्थानीय भाजपा पार्षद शशि सिंह झा ने स्वयं की। सफाई कार्य के दौरान बड़ी मात्रा में कूड़ा हटाया गया।
स्थानीय पार्षद शशि सिंह झा ने बताया कि इस क्षेत्र में श्याम बाबा, हनुमान जी और भगवान शिव के मंदिर स्थित हैं। यहां रिक्शा, टोटो और ऑटो का प्रमुख स्टैंड भी है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना रहता है। उन्होंने कहा कि वर्षों से यहां कचरा जमा था और नगर पालिका को कई बार पत्र देकर सफाई की मांग की गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने कहा कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर काम होता दिखाई दे रहा है। उनके मुताबिक, इलाके की सफाई होने से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, आम राहगीरों तथा रिक्शा, टोटो और ऑटो चालकों को काफी सुविधा मिलेगी।
---------------

