राज्यसभा उम्मीदवारी: भाजपा के 15 नेताओं ने टिकट के लिए पार्टी को सौंपा आवेदन
- DSS Admin
- Jun 02, 2026
इटानगर, 02 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश से राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवारी के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लगभग 15 नेताओं ने अपना आवेदन पार्टी को सौंपकर एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए टिकट की मांग की है।
रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव 18 जून को होने वाले हैं क्योंकि वर्तमान राज्यसभा सदस्य नाबम रेबिया का कार्यकाल 23 जून को समाप्त हो रहा है।
चुनाव आयोग ने सोमवार को चुनाव के लिए औपचारिक अधिसूचना जारी की। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।
अधिकारी ने बताया कि यदि आवश्यकता हुई तो मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना होगी।
सूत्रों के अनुसार, पर्यावरण और वन मंत्री वांगकी लोवांग, वर्तमान राज्यसभा सांसद नाबम रेबिया, पासीघाट पश्चिम के विधायक निनोंग एरिंग, पूर्व मंत्री ताबा टेडिर और तागे ताकी, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताई तागाक, डॉ. तंगोर तापक, इटानगर नगर परिषद के पूर्व सदस्य तामे पासंग और कई अन्य लोगों ने टिकट के लिए आवेदन दाखिल किया है।

