प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करें, पेड़ों की कटान पर रोक लगाएं : डा. अरूण सक्सेना

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 55 वें विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर अर्थडे का आयोजन

लखनऊ,22 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री(स्वतंत्र प्रभार) डा0 अरूण कुमार सक्सेना ने मंगलवार को कहा कि पृथ्वी हमारी मॉं है। पृथ्वी और पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए प्राकृतिक संसाधनों की क्षति को कम किया जाये एवं पेड़ों की कटान पर रोक लगाया जाये। प्रदूषण ना करना, प्लास्टिक का कम इस्तेमाल करना और पृथ्वी को खुशहाल बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक करना होगा।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित प्लूटो हॉल में आयोजित पृथ्वी दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में वन मंत्री ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि इस साल पृथ्वी दिवस की थीम आवर पावर- आवर प्लानेट है। आज बढ़ते तापमान को देखते हुए हमें रिन्यूबल एनर्जी को लगभग तीन गुना बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि पृथ्वी का संतुलन बिगड़ना सभी के लिए एक बड़ी समस्या है। हर किसी को पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए। आज 55 वें विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर सभी को पर्यावरण को बेहतर बनाने व पेड़ लगाने का संकल्प लेना चाहिए।कार्यशाला में मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने रिन्व्यूबल एनर्जी को बढ़ावा देने हेतु प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का दिया हुआ संसाधन पानी और हवा फ्री ऑफ कास्ट हमारे पास उपलब्ध है। वर्तमान समय में वायु प्रदूषण एवं जल प्रदूषण सभी गम्भीर समस्या है। इसके समाधान हेतु रिन्यूवेल एनर्जी पर फोकस करना होगा। कार्यशाला के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा अपने विचार व्यक्त किये गये। पर्यावरण निदेशालय के सहायक निदेशक मो0 राहिब ने ग्रीन एनर्जी पर तथा कंसल्टेण्ट पंकज आर्य ने मिशन लाईफ पर प्रस्तुतीकरण किया। इस अवसर पर अनिल कुमार, प्रमुख सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा घनश्याम सिंह, निदेशक/विशेष सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा चन्द्र भषण, सी0ई0ओ0आई0 फॉरेस्ट उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर