पटना के बांकीपुर उपचुनाव में राजद की उम्मीदवार होंगी रेखा गुप्ता

पटना, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव होना है। उम्मीवारी को लेकर तस्वीरें साफ होने लगी है। जन सुराज पार्टी के बाद अब मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल ने यहां से रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है।

राजद ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कैंडिडेट की घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी ने तय किया है कि इस बार भी रेखा गुप्ता ही हमारी प्रत्याशी होंगी। वह 2025 विधानसभा चुनाव में भी लड़ी थीं लेकिन नितिन नवीन से हार गईं थीं।

मंगनी लाल मंडल ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में रेखा गुप्ता के नाम का ऐलान किया। उनके इस फैसले से कांग्रेस को झटका लगा है, क्योंकि कांग्रेस इस सीट के लिए अपनी दावेदारी जता रही थी।

उम्मीदवार बनाए जाने के बाद रेखा गुप्ता ने कहा कि मजबूती के साथ वह चुनाव लड़ेंगी। पिछली बार भी जनता ने हमारा साथ दिया था। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वैश्य बहुल क्षेत्र है, उनको वैश्यों का पूरा समर्थन मिल रहा है। बांकीपुर की जनता के समर्थन से वह इस बार जरूर जीतेंगी। प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने पर रेखा गुप्ता ने कहा कि कोई फर्क नहीं पड़ेगा. महागठबंधन के समर्थन से वह जीत हासिल करेंगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर