रेजीडेंट डॉक्टरों को सम्पूर्ण कार्य बहिष्कार जारी

रेजीडेंट डॉक्टरों को सम्पूर्ण कार्य बहिष्कार जारी

अजमेर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। अजमेर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में रेजीडेंट चिकित्सकों का सम्पूर्ण कार्य बहिष्कार सोमवार को भी जारी रहा। अपनी मांगों के समर्थन में रेजीडेंट चिकित्सक पूर्व में दो घंटे का सांकेतिक कार्य बहिष्कार किया। राज्य सरकार की ओर से वार्ता की कोई पहल नहीं होने पर चिकित्सकों ने जयपुर और कोटा की तर्ज पर अजमेर में भी सम्पूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया, जिससे अस्पताल की आउट डोर रोगी सेवाएं पूरी तरह गड़बड़ा गई हैं।

एक तरफ मौसमी बीमारियों का पीक सीजन है, वहीं चिकित्सकों के हड़ताल पर चले जाने से मरीजों का बुरा हाल है। नेहरू अस्पताल में ओपीडी के चेंबर में डॉक्टर के कक्ष में कुर्सियां खाली पड़ी मिलीं। डॉक्टर चिकित्सालय के बाहर खड़े होकर नारे लगा रहे थे।

चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे ने बताया कि उन्होंने रेजीडेंट डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने की स्थिति में जिला प्रशासन को अवगत करा दिया है। साथ ही सभी उपलब्ध सीनियर डॉक्टरों को काम पर उपस्थित होने के लिए बुलाया गया है। सभी से मरीजों की उपचार व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

   

सम्बंधित खबर