रिषड़ा का युवक तीन दिनों से लापता, परिवार की आंखें रास्ते पर
- DSS Admin
- May 21, 2026
हुगली, 21 मई (हि. स.)। जिले के रिषड़ा इलाके से अजित झा (37) के लापता होने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 18 मई की सुबह घर से निकले अजित अब तक वापस नहीं लौटे हैं। तीन दिन बीतने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है।
परिवार के अनुसार, अजित झा उस दिन रिषड़ा से बड़ाबाजार जाने के लिए निकले थे। सुबह करीब 10 बजे के बाद से उनका मोबाइल बंद आने लगा। परिजनों ने बताया कि आखिरी बार फोन पर अजित ने कहा था, “मैं ट्रेन पकड़ने जा रहा हूं, वापस आ जाऊंगा…” लेकिन उसके बाद से परिवार उनसे संपर्क नहीं कर पाया।
अजित के अचानक गायब होने के बाद घर का माहौल पूरी तरह बदल गया है। पत्नी रीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मां परमिला देवी हर आने-जाने वाले की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही हैं। परिवार ने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां भी तलाश की, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिली।
मामले को लेकर श्रीरामपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस अजित की तलाश में जुटी हुई है।
परिजनों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को अजित झा के बारे में कोई जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें, तो तुरंत श्रीरामपुर थाना या परिवार को सूचना दें।
रिषड़ा के सीतला मंदिर रोड स्थित घर में इस समय सिर्फ इंतजार, चिंता और दुआओं का माहौल है।
---------------

