डंपर की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

जलपाईगुड़ी, 12 मई (हि. स.)। जिले के धूपगुड़ी के हरिमंदिर पाड़ा इलाके में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार सुबह दो व्यक्ति अलग-अलग बाइक पर सवार होकर धूपगुड़ी बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक वाहन को ओवरटेक करते समय दोनों बाइकों के हैंडल आपस में टकरा गए, जिससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दो बाइकों में से एक बाइक पर बकरियां लदी हुई थी। उनका आरोप है कि डंपर की तेज रफ्तार के कारण ही यह भयावह हादसा हुआ।

घटना की सूचना पाकर धूपगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस उसकी शिनाख्त करने में जुटी है।

   

सम्बंधित खबर