मानसून से पहले सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

सदिया (असम), 19 जून (हि.स.)। सदिया के सह-जिला आयुक्त (सीडीसी) ने सड़क सुरक्षा को लेकर सभी संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की तथा मानसून से पहले दुर्घटनाग्रस्त और संवेदनशील स्थलों पर संकेतक बोर्ड, रिफ्लेक्टर एवं अन्य सुरक्षा उपकरण शीघ्र स्थापित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सड़क किनारे दृश्यता बाधित करने वाले अवैध होर्डिंग, झाड़ियां और अन्य अवरोध हटाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, स्पष्ट सड़क चिह्नांकन तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया। साथ ही ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए।

विद्यालय क्षेत्रों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा पुलिस, परिवहन और शिक्षा विभाग के बीच समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संयुक्त निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान तेज करने पर भी बल दिया गया।

----------

   

सम्बंधित खबर