इटानगर, 19 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश राज्य उच्च शिक्षा परिषद (एपीएसएचईसी) की 9वीं परिषद की बैठक आज इटानगर में शिक्षा मंत्री पीडी सोना की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (आरयूएसए) और प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम-यूएसए) के तहत चल रही और पूरी हो चुकी परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
मंत्री सोना ने आरयूएसए और पीएम-यूएसए योजना के तहत राज्य के उच्च शिक्षा संस्थानों के प्रमुख बुनियादी ढांचे के वित्तपोषण के लिए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय को धन्यवाद दिया। उन्होंने केंद्र सरकार से प्राप्त धनराशि का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संसाधन सीमित होने के कारण हमें धनराशि का मितव्ययी उपयोग करना चाहिए और गुणवत्ता एवं मात्रा को बनाए रखते हुए परियोजनाओं को क्रियान्वित करना चाहिए।
उन्होंने उच्च शिक्षा संस्थानों में उच्च स्तरीय बुनियादी ढांचे के निर्माण पर बल दिया। उन्होंने राज्य में कार्यान्वित की जा रही आरयूएसए/पीएम-यूएसए परियोजनाओं की निरंतर निगरानी और समय पर पूरा करने पर भी बल दिया। सरकार के अनुसार... निर्देशानुसार, सभी नई परियोजनाओं को एक ही कार्यकारी एजेंसी, अर्थात् पीडब्ल्यूडी को सौंपा जाना है, ताकि बुनियादी ढांचे में एकरूपता बनी रहे।
शिक्षा आयुक्त अमजद टाक ने परिषद को निरंतर मार्गदर्शन देने की सलाह दी ताकि उच्च और तकनीकी शिक्षा सही दिशा में आगे बढ़ती रहे। उन्होंने सभी उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए भूमि आवंटन प्रमाण पत्र/भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र जल्द से जल्द प्राप्त करने की सलाह दी। उन्होंने हितधारकों से राज्य में उच्च शिक्षा क्षेत्र के व्यापक विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाओं के कार्यान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

