समेली में तीन सड़क हादसों में पांच घायल, चार की हालत गंभीर

कटिहार, 10 जून (हि.स.)। पोठिया थाना क्षेत्र में बुधवार को तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। इनमें से चार की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। चांदपुर चौक के समीप हुए एक भीषण हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एसएच-77 पर करीब आधे घंटे तक जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया

सबसे गंभीर हादसा चांदपुर चौक के पास हुआ। रंगरा थाना क्षेत्र के टीनटेंगा निवासी चंदन कुमार ठाकुर अपने एक साथी के साथ बाइक (जिस पर कच्चे आम का बोरा भी लदा था) से टीकापट्टी जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चंदन हाईवा के नीचे फंस गए और करीब 100 मीटर तक घिसटते चले गए। इस घटना में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि उनके साथी को भी चोटें आई हैं।

घटना के तुरंत बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने एसएच-77 को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पाकर पोठिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त कराया।

अन्य हादसों में, एनएच-31 पर रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप बाइक और मैजिक पिकअप की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें छोहार निवासी मनोहर यादव और नवगछिया के तेतरी निवासी सदानंद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बखरी मोड़ के पास सड़क पर अचानक आई एक बकरी को बचाने के प्रयास में एक टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें टोटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को समेली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां से चार गंभीर घायलों को रेफर कर दिया गया है। पुलिस तीनों दुर्घटनाओं के मामलों में आगे की जांच कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर