पश्चिम बर्दवान, 28 जून (हि. स.)। सेल–आईएसपी बर्नपुर की चार सक्रिय केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने संयुक्त रूप से कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) को कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं और मांगों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन सीएमडी के बर्नपुर दौरे के दौरान दिया गया, जिसमें कर्मचारियों के हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर तत्काल हस्तक्षेप और समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि कर्मचारियों का 39 महीने का लंबित एरियर भुगतान अब तक नहीं हो सका है। यूनियनों ने मांग की कि इस विषय पर जल्द से जल्द नेशनल ज्वाइंट कमेटी फॉर स्टील इंडस्ट्री (एनजेसीएस) की पूर्ण बैठक बुलाकर भुगतान की प्रक्रिया शुरू की जाए।
ट्रेड यूनियनों ने संयंत्र में संविदा कर्मचारियों की संख्या में 40 प्रतिशत कटौती के प्रस्ताव का भी विरोध किया। उनका कहना है कि पहले से ही संयंत्र में कर्मचारियों की कमी है और ऐसे निर्णय से उत्पादन व्यवस्था के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो सकती है।
ज्ञापन में अक्टूबर 2024 के ट्रेड यूनियन आंदोलन के बाद स्थानांतरित किए गए कर्मचारियों सोनू सिंह और रोशन कुमार की वापसी की मांग भी उठाई गई। यूनियनों ने इसे मानवीय और कर्मचारी हित का विषय बताते हुए प्रबंधन से पुनर्विचार करने का अनुरोध किया।
इसके अलावा स्थायी कर्मचारियों की भर्ती शुरू करने, उत्पादन प्रोत्साहन भत्ते की समीक्षा करने तथा कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी गई ताकि संयंत्र का संचालन बेहतर ढंग से हो सके।
चारों यूनियनों ने सेल–आईएसपी से जुड़े स्कूलों के संरक्षण का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि कई स्कूल बंद होने या निजीकरण की ओर बढ़ रहे हैं, ऐसे में इन संस्थानों को जारी रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही कर्मचारियों के बच्चों के लिए शिक्षा भत्ता शुरू करने की भी मांग की गई।
इसके अलावा कर्मचारियों के हाउस रेंट अलाउंस (एचारए) में संशोधन, अस्पताल सेवाओं में सुधार, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति तथा स्थायी नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
ट्रेड यूनियनों ने कर्मचारियों के लिए नए क्वार्टर निर्माण और बर्नपुर स्टील टाउनशिप के आधुनिकीकरण की मांग करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं के विकास से कर्मचारियों और उनके परिवारों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
यूनियन प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि प्रबंधन इन लंबे समय से लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर कर्मचारियों को राहत देने की दिशा में जल्द कदम उठाएगा।
मौके पर इंटक नेता विजय सिंह, विप्लव माजी, सीटू के सोरेन बनर्जी और प्रतिक दास गुप्ता आदि उपस्थित थे।
---------------

