मद्देड में सात दिवसीय भगवान शिव का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का हुआ शुभारंभ
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
बीजापुर, 05 जुलाई (हि.स.)। जिले के ग्राम मद्देड में भगवान भोलेनाथ के सात दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ आज रविवार काे हाे गया है, पूरे गांव में शिवमय वातावरण बना हुआ है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
आयोजन समिति के अनुसार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत साेमवार काे वैदिक विधि-विधान के अनुसार चतुषष्ठी योगिनी, चतुर्लिंग भद्र मंडल, सर्वतोभद्र मंडल, नवग्रह, क्षेत्रपाल, वास्तु पुरुष, विनायक पूजन, सप्त घृत मातृका, अष्टदल तथा महामृत्युंजय अक्षत सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भगवान शिव की प्रतिमा को अस्थायी मंदिर से बाजे-गाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच नगर भ्रमण कराया जाएगा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने सभी सनातन धर्मावलंबियों से शोभायात्रा में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की गई है। विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूजन संपन्न कराया जाएगा। मद्देड में आयोजित यह सात दिवसीय धार्मिक महोत्सव क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।
---------------

