धान की रोपाई करते मजदूर की गर्मी से मौत:खेत में काम करते समय चक्कर खाकर गिरा, बाघापुराना से मोगा रेफर के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

पंजाब में पड़ रही भीषण गर्मी अब जानलेवा साबित होने लगी है। मोगा जिले के अंतर्गत आते गांव जैसिंह वाला में धान की रोपाई करते समय अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण एक प्रवासी बुजुर्ग मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय चंचल कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के मधेपुरा जिले के गांव फनाहन के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, चंचल कुमार शाम के समय गांव जैसिंह वाला के किसान नवदीप सिंह के खेतों में अन्य मजदूरों के साथ धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के चलते उन्हें अचानक चक्कर आया और वे बेसुध होकर पानी से भरे खेत में ही गिर पड़े। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम खेत में गिरते ही साथी मजदूरों और किसान ने उन्हें तुरंत संभाला और गांव के ही एक स्थानीय डॉक्टर के पास लेकर गए। बुजुर्ग की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें बाघापुराना के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। वहाँ भी स्थिति में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मोगा के सिविल अस्पताल ले जाने की सलाह दी, लेकिन बदकिस्मती से मोगा ले जाते समय गांव सिंघावाला के पास रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दर्ज किया मामला, पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही थाना बाघापुराना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।मामले की जांच कर रहे एएसआई (ASI) हरमेश लाल ने बताया कि मृतक के बेटे बसंत कुमार शर्मा के बयानों के आधार पर पुलिस ने 194 बी.एन.एस. (BNS) के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है। शव परिजनों को सौंपा पुलिस ने कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को वारिसों के हवाले कर दिया है। मृतक के बेटे बसंत शर्मा ने भरे मन से बताया कि वे अपने पिता के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव फनाहन (बिहार) लेकर जा रहे हैं, जहाँ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस घटना के बाद से इलाके के किसान और मजदूर वर्ग में शोक की लहर है।

   

सम्बंधित खबर